थामा बनाम एक दीवाने की दीवानियत: इस दीपावली, 21 अक्टूबर को मैडॉक फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित सुपरनैचुरल फिल्म ‘थामा’ और हर्षवर्धन राणे की ‘एक दीवाने की दीवानियत’ एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं। दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। फिल्म की एडवांस बुकिंग पहले से ही शुरू हो चुकी है। ‘थामा’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, रश्मिका मंदाना और आयुष्मान खुराना जैसे सितारे हैं, वहीं ‘एक दीवाने की दीवानियत’ में हर्षवर्धन राणे के साथ सोनम बाजवा भी नजर आएंगी। आइए जानते हैं कि एडवांस बुकिंग में किस फिल्म ने बाजी मारी है।
‘थामा’ की पहले दिन की कमाई का अनुमान
हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ ने पहले दिन की एडवांस बुकिंग में 10,424 शोज में 59,477 टिकट बेचे हैं, जिससे फिल्म ने अब तक 1.68 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया है। इसके अलावा, ब्लॉक सीट्स से फिल्म ने 5.12 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि ट्रेंड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म पहले दिन 15-20 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है।

‘एक दीवाने की दीवानियत’ की एडवांस बुकिंग
दूसरी ओर, ‘एक दीवाने की दीवानियत’ ने अब तक भारत में केवल 54.61 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। ब्लॉक सीट्स को मिलाकर इस फिल्म ने फिलहाल 1.54 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया है। यह आंकड़े आने वाले समय में और बढ़ सकते हैं, क्योंकि फिल्म की रिलीज में अभी कुछ दिन बाकी हैं।

एडवांस बुकिंग में किसने मारी बाजी?
एडवांस बुकिंग में रश्मिका मंदाना और आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘थामा’ ने स्पष्ट रूप से बाजी मार ली है। इस फिल्म ने अब तक 5.12 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जबकि ‘एक दीवाने की दीवानियत’ ने एडवांस बुकिंग में केवल 1.52 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया है। इस स्थिति में ‘थामा’ को एक मजबूत बढ़त प्राप्त हुई है।
हर्षवर्धन राणे की पिछली फिल्म
हर्षवर्धन राणे की हालिया रिलीज फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ को फिर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया था। इसके पुनः रिलीज के दौरान इस फिल्म को दर्शकों, विशेषकर युवाओं से जबरदस्त प्यार मिला। इसके अलवा, अभिनेता की आगामी फिल्म ‘सिला’ है, जिसका पोस्टर उन्होंने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया था।
यह भी पढ़ें: ‘थामा’ की एडवांस बुकिंग: दिवाली पर बॉक्स ऑफिस पर आयुष्मान और रश्मिका की जोड़ी छा सकती है, एडवांस बुकिंग में बिक चुके हैं इतने टिकट्स।





